भीमताल, 03 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भीमताल कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ाने और हरित वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान पांडे ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा पौधों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधारोपण स्थल की व्यवस्थाओं के साथ-साथ पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भीमताल को हरित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





