भीमताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित नैनीताल जनपद भ्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने रामलीला ग्राउंड, भीमताल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा और प्रभावी एक्सेस कंट्रोल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने, सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान चलाने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने पर जोर दिया गया। साथ ही आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए यातायात पुलिस एवं सीपीयू को सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान शालीनता, संयम और विनम्र व्यवहार बनाए रखने की हिदायत देते हुए कहा गया कि वीआईपी मूवमेंट से पूर्व सभी मार्गों पर मौजूद अवरोधों और रुकावटों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाया जाए। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा वीआईपी ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं नैनीताल में भी वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को अलग से ब्रीफ कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।





