घोड़ाखाल। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सातवाँ दिन उत्साह, अनुशासन और विविध गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का संचालन कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता के नेतृत्व में किया जा रहा है।
दिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) एवं ड्रिल अभ्यास से हुई। इसके पश्चात कैडेटों को हथियारों के साथ ड्रिल तथा .315 राइफल से फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही एनडीआरएफ विशेषज्ञों द्वारा आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कैडेटों को पर्वतीय क्षेत्रों में उपयोग होने वाले माउंटेन इक्विपमेंट की उपयोगिता एवं उनके सुरक्षित प्रयोग के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया।
आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के उद्देश्य से पीआई स्टाफ द्वारा ड्रोन संचालन एवं उसके विभिन्न उपयोगों की जानकारी दी गई। कैडेटों को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे उनमें तकनीकी ज्ञान, नवाचार और आधुनिक सैन्य तकनीकों के प्रति रुचि विकसित हुई।
कैडेटों में खेल भावना और टीमवर्क को बढ़ावा देने के लिए कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता के मार्गदर्शन में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर, रानीखेत से पधारे मुख्य अतिथि सूबेदार दलवीर पौड़ी, बॉक्सिंग कोच, ने कैडेटों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कैडेटों को खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु खेल भावना को अपनाने का संदेश दिया।
शिविर के सातवें दिन आयोजित गतिविधियों ने कैडेटों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





