देहरादून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार 8 जून से प्रदेशभर में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करने का अभियान प्रारम्भ किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा तथा 7 जुलाई तक प्राप्त फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल स्वरूप में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। इस अवधि में मतदाताओं से किसी अन्य दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।
‘बुक ए कॉल विद BLO’ सुविधा का लाभ लें मतदाता
जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ECI-Net मोबाइल ऐप पर उपलब्ध “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का उपयोग कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
यदि किसी मतदाता के घर भ्रमण के दौरान वह उपलब्ध नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार घर पर पहुंचने का प्रयास करेगा तथा घर पर एक सूचना स्टीकर चस्पा कर अगली यात्रा की तिथि और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेगा, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भरवा सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता स्वयं ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जो पात्र नागरिक पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकते हैं।





