अल्मोड़ा, 07 जून 2026। ताड़ीखेत क्षेत्र में उत्तराखण्ड परिवहन निगम की निर्माणाधीन वर्कशॉप एवं प्रस्तावित बस अड्डे की परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं विधायक प्रमोद नैलवाल ने ताड़ीखेत स्थित परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यशाला हेतु चयनित भूमि, प्रस्तावित निर्माण कार्यों तथा पहुंच मार्ग का विस्तृत अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए परियोजना को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत कार्यशाला के लिए पहुंच मार्ग के निर्माण पर चर्चा करते हुए उपयुक्त मार्ग का चयन किया गया। सहमति बनी कि युवा कल्याण विभाग के निष्क्रिय एवं जर्जर भवन को ध्वस्त कर वहां से निकास मार्ग विकसित किया जाएगा, जबकि कार्यशाला का मुख्य प्रवेश मार्ग ताड़ीखेत बाजार की ओर से बनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावित मार्ग पर मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों एवं कारीगरों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला परिसर में कैंटीन तथा अन्य आवश्यक दुकानों की व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए।
वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनीता चंद, वन विभाग की उप प्रभागीय अधिकारी काकुल पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





