लालकुआं, 9 जून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली लालकुआं पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे में छिपाकर ले जाई जा रही स्मैक बरामद की है। पुलिस ने 7.35 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डाॅ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार को चेकिंग एवं गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार चौकी बिंदुखत्ता क्षेत्र में गांधीनगर प्रथम से टूटी पुलिया जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे के भीतर छिपाई गई पारदर्शी पन्नी से 7.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिशंकर बोरा उर्फ गुड्डू, पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी गांधीनगर प्रथम, बिंदुखत्ता, लालकुआं के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को सुंदर नामक व्यक्ति से 3500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदकर आसपास के युवकों को बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 86/26 के तहत धारा 08/21/29 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, स्मैक उपलब्ध कराने वाले सुंदर नामक व्यक्ति के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है तथा नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता
कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल दयालनाथ
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल खीम सिंह
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





