अल्मोड़ा। नगर के व्यस्ततम मछली बाजार क्षेत्र में एक व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला कर दुकान के गल्ले से नकदी लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुरा निवासी व्यापारी परवेज खान बुधवार रात अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ ग्राहक भी सामान खरीद रहे थे। आरोप है कि तभी मनीष कुमार नामक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और बिना किसी कारण विवाद करने लगा। विरोध करने पर उसने व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, हाथापाई के दौरान आरोपी ने पास स्थित एक मीट की दुकान से धारदार चापड़ उठाया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में परवेज खान को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी दुकान के गल्ले में रखी नकदी भी लेकर फरार हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापार मंडल ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने पीड़ित व्यापारी के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’, जिला संगठन महामंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी, नगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह भोज, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, जिला मंत्री दिनेश कांडपाल, नगर उपसचिव अमन टकवाल, अनिल वर्मा, सुधीर गुप्ता, परवेज कुरैशी, किशन सिंह मल्ला, राजदीप सिंह, दया सागर, मुर्शद अख्तर, शावेज़ खान, मोहम्मद यामीन अंसारी तथा अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।




