हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 46वीं कार्य परिषद की बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकांश प्रस्तावों को कार्य परिषद की संस्तुति प्रदान की गई। इन निर्णयों को विश्वविद्यालय के भविष्य के विकास तथा नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक की शुरुआत 45वीं कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि एवं उस पर की गई कार्यवाही के अनुमोदन से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय में विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, नए अध्ययन केन्द्रों एवं विशेष अध्ययन केन्द्रों की स्थापना, इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन, विभिन्न विषयों में अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, सामुदायिक रेडियो अनुभाग के लिए कार्मिक चयन, पुनर्नियोजन, केंद्रीय मूल्यांकन संचालन हेतु मानदेय निर्धारण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्य परिषद ने विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद द्वारा पारित विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तावों और संस्तुतियों को भी अनुमोदन प्रदान किया। इनमें नए शैक्षणिक कार्यक्रमों एवं पाठ्यक्रमों का संचालन, विनियमों में आवश्यक संशोधन, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शैक्षणिक सुधारों से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों को विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने तथा संस्थागत विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में कार्य परिषद के नामित बाह्य सदस्य एवं हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चन्द्र बिंजोला ऑफलाइन उपस्थित रहे। वहीं प्रो. बी.एस. राजपूत (पूर्व कुलपति, कुमाऊँ विश्वविद्यालय), प्रो. योजना रावत (पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़), प्रो. शची शाह (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) तथा उच्च शिक्षा विभाग के नामित प्रतिनिधि अपर सचिव मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस.पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यसूची कुलसचिव खेमराज भट्ट ने परिषद के समक्ष प्रस्तुत की।
समाचार प्रस्तुति: मदन मोहन पाठक, वरिष्ठ पत्रकार





