हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह के दौरान वृक्षारोपण, सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान, विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ एवं न्यूज लेटर का विमोचन तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने ध्वजारोहण कर विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर बलिदानी सपूतों को नमन करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का बोध नहीं कराती, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी एहसास कराती है। यह दिन आत्ममंथन का अवसर है कि हम राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी कैसे बना सकते हैं।
कुलपति ने कहा कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय एक मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान होने के बावजूद अपने शिक्षार्थियों से निरंतर जुड़कर उन्हें शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अनेक अग्रणी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किए गए हैं, जिनके माध्यम से विश्वविद्यालय विकास एवं प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए आयोजन मंडल को बधाई दी।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प के साथ वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
देशभक्ति से सराबोर रहा सांस्कृतिक कार्यक्रम
बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत एवं ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया।
कार्यक्रम में ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए जे’, निकिता कुतलकोटी द्वारा ‘संदेशे आते हैं’, महेश कुमार द्वारा झूला गीत, सूरज जोशी द्वारा ‘ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के’ तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों की विशेष प्रस्तुति सहित अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतियों को उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षार्थियों ने सराहा।
वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की जानकारी
इस अवसर पर प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय गीत ‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय में तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने प्रथम एवं द्वितीय चरण में आयोजित कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण भी प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों का सम्मान
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सोनम गुलाटी, नीरज सिंह एवं दिवाकर खोलिया, मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू एवं बबली तथा क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी एवं मानताशा सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा संगीत कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले संदीप सिंह सोढ़ी एवं महेश चन्द्र सहित अन्य प्रतिभागियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
‘उड़ान’ पत्रिका एवं न्यूज लेटर का विमोचन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ एवं न्यूज लेटर का विमोचन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर शिक्षार्थियों एवं समाज तक पहुंचाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया गया।
समाज कार्य विभाग ने कराया शपथ ग्रहण समारोह
समारोह के दौरान समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने दायित्वों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संयोजन विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।
देश एवं विदेश में रह रहे भारतीयों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने देश एवं विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश की स्वतंत्रता एवं अखंडता की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने समारोह में उपस्थित अतिथियों, विश्वविद्यालय परिवार एवं सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।
समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की भावना से ओत-प्रोत रहा।




