अल्मोड़ा, 18 अगस्त 2026। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को जनपद में जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी गतिमान योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में मिशन के दोनों चरणों के तहत कुल 1,645 योजनाओं में से 1,517 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 128 योजनाओं पर कार्य गतिमान है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने शेष योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिंगल विलेज स्कीम, मल्टी विलेज स्कीम तथा हर घर जल योजना की अलग-अलग समीक्षा की गई। अजय टम्टा ने कहा कि जल जीवन मिशन का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पूर्ण हो चुकी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक परिवार को पर्याप्त और सुचारु पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 (पीएमजीएसवाई-4) के अंतर्गत स्वीकृत सड़क कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पीएमजीएसवाई-4 के तहत 220 सड़कें स्वीकृत हैं, जिनकी कुल लंबाई 1,295.04 किलोमीटर है। मंत्री ने इन सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अजय टम्टा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





