नैनीताल, 18 अगस्त 2026। नैनीताल की पहचान और शहर की आवाजाही की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मॉल रोड के पुनर्निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। विगत वर्ष क्षतिग्रस्त हुई मॉल रोड को मजबूत, सुरक्षित और लंबे समय तक टिकाऊ बनाने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मॉल रोड नैनीताल की लाइफ लाइन है, इसलिए इसके पुनर्निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन और पर्यटकों की सुगम आवाजाही के लिए इस महत्वपूर्ण मार्ग का कार्य मजबूती, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।
तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह से तैयार हुआ नया डिजाइन
मॉल रोड को भविष्य में अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के लिए टीएचडीसी द्वारा तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया। विशेषज्ञों की तकनीकी सलाह और सर्वेक्षण के आधार पर इसके पुनर्निर्माण के लिए नया डिजाइन तैयार किया गया है। इसी डिजाइन के अनुरूप निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
122 एंकरिंग पूरी, 36 पाइलिंग का कार्य संपन्न
वर्तमान में कार्य की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार मॉल रोड में लगाए जाने वाले 122 एंकरों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही ग्राउंडिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है।
अब पाइलिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। कुल 51 पाइलिंग में से 36 पाइलिंग पूरी की जा चुकी हैं। पाइलिंग का कार्य पूरा होने के बाद अगले चरण में स्लैब निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
डीएम के सख्त निर्देश—‘टिकाऊ हो निर्माण, समय पर हो पूरा’
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोपरि रखी जाए। उन्होंने कहा कि कार्य टिकाऊ, मजबूत और मानकों के अनुरूप होना चाहिए तथा इसे निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए।
प्रशासन का लक्ष्य केवल क्षतिग्रस्त सड़क को फिर से तैयार करना नहीं, बल्कि मॉल रोड को ऐसी मजबूती प्रदान करना है, जिससे भविष्य में आमजन और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
नैनीताल की धड़कन कही जाने वाली मॉल रोड के पुनर्निर्माण की प्रगति ने शहरवासियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी उम्मीद जगाई है कि जल्द ही यह महत्वपूर्ण मार्ग अपने नए और मजबूत स्वरूप में नजर आएगा।




