हल्द्वानी। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूली वाहनों के खिलाफ मंगलवार सुबह सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्कूली वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुपालन की बारीकी से जांच की।
चेकिंग के दौरान जिन वाहनों में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दो टूक कहा है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। बच्चों की जान और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर पुलिस की नजर लगातार बनी रहेगी।




