अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के सोमेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम वडयूडा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मकान ढहने से मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रातः डीसीआर/आपदा से सूचना मिली कि ग्राम वडयूडा में एक मकान ढह गया है और कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
लेकिन घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले मार्ग पर मलबा आने के कारण सड़क अवरुद्ध मिली। इसके बावजूद SDRF जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF टीम ने स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मलबे से तीन शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42 वर्ष), पत्नी राजेन्द्र राम, कल्पना आर्या (19 वर्ष), पुत्री राजेन्द्र राम तथा मनीष कुमार (18 वर्ष), पुत्र राजेन्द्र राम के रूप में हुई है।
हादसे के दौरान गुलाब राम मकान के बाहर स्थित कमरे में सो रहे थे, जिसके चलते वह मकान ढहने के दौरान सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
SDRF टीम ने बरामद तीनों शवों को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है। प्रशासन और राहत-बचाव टीमों द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।




