अल्मोड़ा, 1 सितंबर 2026।
जनपद में लगातार हो रही अतिवृष्टि और इससे उत्पन्न संभावित आपात परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को आपात बैठक बुलाकर जिले की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 2 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे सक्रिय एवं सतर्क रहने को कहा।
निर्माण एवं खुदाई कार्य तत्काल रोकने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित ऐसे सभी निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए, जिनमें भू-कटाव, पहाड़ी कटान अथवा खुदाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान ऐसे कार्यों से भूस्खलन एवं अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी रहेंगी तैयार
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण यदि किसी मार्ग पर मलबा अथवा बोल्डर आने से यातायात बाधित होता है तो तत्काल मशीनरी मौके पर भेजकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को देने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद के सभी उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।




