हल्द्वानी, 18 सितंबर 2026। शिक्षार्थियों और विभिन्न हितधारकों के साथ सीधा, पारदर्शी एवं सहभागी संवाद स्थापित करने की दिशा में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल ‘जन संवाद कार्यक्रम भाग-2’ का दूसरा चरण शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया। ज़ूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम का विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर @UOULive के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ ने भी कार्यक्रम के संचालन एवं प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘सूचना, संवाद और समाधान’ की मूल अवधारणा पर आधारित इस चरण की थीम ‘शिक्षा, अवसर और विश्वास: मिलकर करें उत्कृष्ट विश्वविद्यालय का निर्माण’ रही। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं और सुझावों को सीधे संबंधित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षार्थियों के साथ निरंतर संवाद विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जन संवाद का यह चरण भी शिक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में उपयोगी सिद्ध होगा।
जन संवाद के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न निदेशालयों, अनुभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं और शिक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। अनुसंधान निदेशालय से प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे, अध्ययन सामग्री निर्माण एवं वितरण तथा अकादमिक निदेशालय से प्रो. पी.डी. पंत, परीक्षा अनुभाग से प्रो. सोमेश कुमार, प्रवेश अनुभाग से डॉ. सुमित प्रसाद, शोध अनुभाग से प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्लेसमेंट सेल से डॉ. अखिलेश सिंह तथा पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा से प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने संबंधित विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
30 से अधिक सवालों पर हुआ सीधा संवाद
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जन संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र रहा। इसका संचालन सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ से अनिल नैलवाल एवं सोनू भट्ट ने किया। इस दौरान शिक्षार्थियों की ओर से प्राप्त 30 से अधिक प्रश्नों को विशेषज्ञ पैनल के समक्ष रखा गया और संबंधित विशेषज्ञों ने प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
शिक्षार्थियों के सवाल प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन केंद्रों पर उपलब्ध पाठ्यक्रम एवं सुविधाओं, अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकों के वितरण, विद्यार्थी विवरण में संशोधन, डीईबी आईडी, परीक्षा शहर में परिवर्तन, शुल्क वापसी एवं लेन-देन संबंधी समस्याओं, प्लेसमेंट सेल तथा छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विषयों से जुड़े रहे।
जन संवाद में नेपाल के शिक्षार्थियों ने भी भागीदारी की। उन्होंने डिग्री की समकक्षता एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिक्षार्थियों को प्रश्न पूछने के लिए वीडियो संदेश, ई-मेल और लाइव चैट बॉक्स जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे कार्यक्रम का संवाद अधिक व्यापक और सहभागी बना तथा शिक्षार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के समक्ष रखने का अवसर मिला।
आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लेने की अपील
विशेषज्ञ पैनल ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in नियमित रूप से देखने तथा ‘Student One View’ पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी। शिक्षार्थियों से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध विभिन्न सेवाओं एवं सूचनाओं का लाभ उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्याशाखा या विभाग के आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से संपर्क करने को भी कहा गया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सुमित प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम के सफल एवं निर्बाध आयोजन में आईसीटी टीम और मीडिया टीम के योगदान की सराहना करते हुए सभी विशेषज्ञों, शिक्षार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा जन संवाद कार्यक्रम को तीन चरणों की श्रृंखला के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय और शिक्षार्थियों के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाते हुए सूचना, समाधान, पारदर्शिता और विश्वास की व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।




