हल्द्वानी, 17 सितंबर 2026। सेवा समर्पण अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को आंगनबाड़ी केंद्र पॉलिसीट-4, बाल विकास परियोजना हल्द्वानी शहर में बच्चों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य एवं अभियान के जिला संयोजक योगेश सिंह रजवार ने की।
इस अवसर पर बच्चों के बीच केक काटा गया और फल, केक सहित अन्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान रजवार ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध पोषण, किचन, खेल-कूद तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के हित में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
केंद्र में बच्चों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के टीकाकरण तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण लता जोशी, सुपरवाइजर पुष्पा विश्वकर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्पना तिवारी, नंदी चौधरी, हेमा लोहनी, पुष्पा आर्या, नीमा थानी और गीता पोखरिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास, शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा समर्पण अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के जिला संयोजक के रूप में जिलेभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की देखरेख की जा रही है। एक माह तक जिले के विभिन्न स्थानों पर बच्चों से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, पोषण, सुरक्षा, बाल अधिकारों और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर समाज में जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के सपनों को सुरक्षित, सशक्त और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों और भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।





