भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भीमताल ब्लॉक के रामलीला मैदान में रक्तदान एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में आयोजित रक्तदान शिविर में दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
बहुउद्देशीय शिविर में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा के समक्ष बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के बीच केक काटकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मनाया और उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ‘भाजपा सरकार जनता के द्वार’ की भावना के अनुरूप सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। बहुउद्देशीय शिविर में मौजूद अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
शिविर में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





