लोहाघाट, बीते दिन यानी 10 अक्टूबर को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी की ओर से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में दो दिवसीय निःशुल्क पुस्तक मेले का शुभारंभ किया गया। अध्ययन केंद्र संख्या 18011 में आयोजित इस मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों ने पहुंचकर विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित पुस्तकें और अध्ययन सामग्री निःशुल्क प्राप्त की। विश्वविद्यालय की इस पहल से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय पिथौरागढ़ के सहायक क्षेत्रीय निदेशक भास्कर चंद्र जोशी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने शिक्षार्थियों से संवाद कर विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक रुचि, योग्यता और आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों का चयन कर उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. रुचिर जोशी एवं केंद्र के स्टाफ के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अध्ययन केंद्र के सुचारु संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा शिक्षार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा केंद्र से संबंधित भुगतान एवं भुगतान समायोजन की समस्याओं के समाधान के लिए सहायक क्षेत्रीय निदेशक ने आवश्यक मार्गदर्शन और सुझाव दिए।
पुस्तक मेले में शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा प्रणाली, विभिन्न पाठ्यक्रमों और अध्ययन केंद्र के माध्यम से उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री के निःशुल्क वितरण की पहल की सराहना करते हुए इसे उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायक बताया।
इस अवसर पर केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. दिनेश राम सहित डॉ. भूप सिंह धामी, डॉ. सीमा नेगी, डॉ. स्वाति जोशी, डॉ. नीरज कांडपाल, डॉ. विद्या कुमारी, डॉ. उमा कांडपाल, डॉ. दीपक जोशी, डॉ. सुमन पांडेय, डॉ. मयूर बघरवाल सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


