रामनगर। रामनगर डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य को तेल डालकर आग लगाने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तीन युवकों द्वारा कथित तौर पर प्रधानाचार्य को जिंदा जलाने की धमकी दिए जाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है।
मामला 8 अक्टूबर को कॉलेज में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ा है। शासन के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम लोगों की मौजूदगी प्रस्तावित थी। अभियान का उद्देश्य जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करना था।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दी गई धमकी
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तीन युवक पूर्व छात्रसंघ चुनाव को लेकर चर्चा करते दिखाई दिए। बातचीत के दौरान कथित तौर पर उन्होंने अगले दिन सुबह 10:30 बजे एकत्र होकर ज्ञापन देने और कार्रवाई न होने पर प्रधानाचार्य पर तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी।
वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस के मुताबिक, लोक सेवक को उसके कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने और धमकी देने से जुड़े इस मामले में रामनगर कोतवाली में एफआईआर संख्या 319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 224 और 351(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने मामले में जिन तीन युवकों को नामजद किया है, उनमें अनस पुत्र जुल्फकार सिद्दीकी, निवासी शक्तिनगर पुछड़ी, रामनगर, उम्र 21 वर्ष; कल्पित बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई, रामनगर, उम्र 26 वर्ष; और सानिब सिद्दीकी पुत्र अजीम, निवासी टांडा, रामनगर, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर उन्हें हिरासत में लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
धमकी देने वालों पर पुलिस की सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने, लोक सेवकों को धमकाने और उनके सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


