अल्मोड़ा, 29 अक्टूबर। दीपावली पर्व पर आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान मिलावट के दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मिष्ठान प्रतिष्ठानों सहित अन्य खाद्य कारोबारियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी रहती है। ऐसे में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देशित किया कि जांच एवं छापेमारी के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाए। अनियमितता या मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को भी छापेमारी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देने को कहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान मिलावट पर अंकुश लगाकर आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


