अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 28 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने बाड़ीकोट तिराहे, भिकियासैंण क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान मारुति स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK 18 V 5195 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार चार व्यक्तियों के कब्जे से कुल 28 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद सभी आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदयाल सिंह (31 वर्ष), हरदयाल सिंह (28 वर्ष), हरप्रीत सिंह (31 वर्ष) तथा हरप्रीत सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी काशीपुर और एक आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद का निवासी है।
इस मामले में थाना भतरौजखान में एफआईआर संख्या 12/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है तथा इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने की आड़ लेकर नशे की तस्करी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक हरप्रीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह के विरुद्ध पहले भी थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, हेड कांस्टेबल समीम अहमद, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल हरीश प्रसाद तथा कांस्टेबल नीरज पाल शामिल रहे।
नशे के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





