अल्मोड़ा | 29 मई 2026
विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में पर्यटन एवं धार्मिक सीजन के चलते इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश-विदेश से पहुंच रहे दर्शनार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ डटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में थाना दन्या एवं जागेश्वर चौकी पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जागेश्वर धाम क्षेत्र में शटल सेवा को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिल सके।
पुलिस कर्मी लगातार श्रद्धालुओं को पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा तथा यातायात संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी देकर मार्गदर्शन कर रहे हैं। विनम्र व्यवहार और सहयोगात्मक कार्यशैली के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
मंदिर क्षेत्र में तैनात पुलिस बल न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए हुए है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा पर भी विशेष नजर रखे हुए है। पूरी व्यवस्था अनुशासन, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ संचालित की जा रही है।
जागेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने अल्मोड़ा पुलिस की बेहतर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए पुलिस की जनहितकारी और सहयोगपूर्ण कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।





