रुडकी। बकरा चोरी करते वक्त लोगों ने युवक को पकड़ लिया। चोरी से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने युवक की जमकर पिटाई की। जिसके बाद युवक को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सलीम खान निवासी भारत नगर के घर देर रात एक युवक चोरी के इरादे से घुस गया। युवक ने घर के अंदर बंधे बकरे को खोल लिया। इस बीच खटपट होने पर सलीम की आंख खुल गई। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद परिजनों और क्षेत्रवासी भी जाग उठे। लोगों को जागता देख आरोपी वहां से दौड़ पड़ा। इस बीच लोगों की नजर युवक पर पड़ गई। लोगों ने कुछ दूरी पर दौडक़र आरोपी को पकड़ लिया। चोरी से गुस्साए लोगों ने युवक की मौके पर जमकर धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि मवेशी चोरी करने के आरोप में तालिब निवासी खटीको वाली गली मच्छी मोहल्ला को गिरफ्तार किया गया है।

