लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान करीब 65.40 लाख रुपये कीमत की 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” एवं ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की।
06 अक्टूबर 2026 को सुभाष नगर बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने अल्टो कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) पुत्र शकील खान, निवासी इंद्रानगर पुलिया के पास सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) पुत्र मो. बल्ली, निवासी मोहल्ला मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
बहेड़ी से स्मैक लाने का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 56/26, धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनन्दपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, कांस्टेबल भूपेन्द्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।



