अल्मोड़ा, 01 अक्टूबर। वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर अल्मोड़ा वन प्रभाग की ओर से वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिभाग करते हुए वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विशेषज्ञों ने वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के महत्व पर जानकारी दी। विद्यार्थियों एवं आमजन से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा जैव विविधता के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रस्तुतियां देकर संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बीयरशिबा स्कूल अल्मोड़ा, जीजीआईसी अल्मोड़ा, तक्षशिला स्कूल अल्मोड़ा और राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आशीष कश्यप ने सांपों की सजीव प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न प्रजातियों, उनके व्यवहार और संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, ललित लटवाल, पार्षद अमित साह, प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर, वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्य सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-छात्र तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



