अल्मोड़ा दिनांक 8/8/2026
यहां नगर के खोल्टा क्षेत्र में लंबे समय से दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे खतरनाक तीखे मोड़ पर आखिरकार क्रश बैरियर लग गया। सुरक्षा इंतजाम होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से इस स्थान पर सुरक्षा दीवार अथवा क्रश बैरियर नहीं होने के कारण वाहन चालकों के साथ राहगीरों और गौवंश की सुरक्षा भी खतरे में थी।
खोल्टा के इस तीखे मोड़ पर सड़क के किनारे गहरी खाई होने के कारण वाहन के अनियंत्रित होने पर सीधे खाई में गिरने का खतरा बना रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार गौवंश सड़क से नीचे गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक भी संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं। बरसात और रात के समय यह स्थान और अधिक संवेदनशील हो जाता था।
क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने संबंधित विभाग एवं नेशनल हाईवे के अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से भी मुलाकात कर इस खतरनाक मोड़ पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र क्रश बैरियर लगाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए अब यहां क्रश बैरियर स्थापित कर दिया है।
बड़े हादसे का खतरा होगा कम
क्रश बैरियर लगने से अब अनियंत्रित वाहन के सीधे खाई में जाने की आशंका काफी कम होने की उम्मीद है। खासकर रात, बारिश और फिसलन के दौरान वाहन चालकों को इससे अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का महत्वपूर्ण समाधान बताया है।
पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खोल्टा का यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील था और यहां किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। उन्होंने जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के मामले में प्रशासन ने जिस तत्परता से कार्रवाई की, वह सराहनीय है।
अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर भी सुरक्षा की मांग
क्रश बैरियर लगने पर स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह और पार्षद अमित साह ‘मोनू’ का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए तीखे मोड़ों, गहरी खाइयों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर पैराफिट, सुरक्षा दीवार और क्रश बैरियर जैसे सुरक्षा उपाय बेहद जरूरी हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नगर के अन्य संवेदनशील स्थानों को भी चिह्नित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में फिसलन बढ़ने के कारण ऐसे स्थानों पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में खोल्टा में लगाया गया क्रश बैरियर सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इस अवसर पर पार्षद अभिषेक जोशी, सुनील कर्नाटक, देवेंद्र सिंह फर्त्याल, अतुल पांडे, सुनील नंदा, कमल तिवारी एडवोकेट, अंजू पांडेय, शांति भट्ट, पूरन चंद्र भट्ट, दीपक पंत, महेंद्र सिंह, प्रकाश जोशी, जीवन चंद्र पंत, राजा जोशी सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




