सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 13 जून। क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कंडारकुआं मंडल के अंतर्गत सुनियाकोट-मटीला मोटर मार्ग से ओलिया गांव तक प्रस्तावित 3 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग निर्माण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं मातृशक्ति ने उपस्थित होकर वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर हर्ष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में उन्हें लंबे समय से आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मोटर मार्ग के निर्माण से अब क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ओलिया गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण क्षेत्र की जनता का कई दशकों पुराना सपना था, जो आज साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के अंतिम छोर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि लगभग 77 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह मोटर मार्ग न केवल ग्रामीणों और मातृशक्ति के जीवन को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर समग्र विकास के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि सड़क निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।





