अल्मोड़ा, 26 मई 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 31 मई 2026 को तहसील लमगड़ा अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, महरगांव में एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम की तर्ज पर आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता माननीय उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी करेंगे।
प्रातः 11 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर सभी विभागों को पूर्ण तैयारी के साथ शिविर में उपस्थित रहने तथा मौके पर ही अधिकतम समस्याओं के समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, बाल विकास, राजस्व, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, लोक निर्माण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पर्यटन, उद्योग, श्रम, पंचायत, ग्राम्य विकास, युवा कल्याण एवं पूर्ति विभाग सहित अनेक विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। यहां आम जनता को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त शिविर में आय, जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र संबंधी समस्याओं का निस्तारण, राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों का समाधान, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं की जानकारी, कृषि एवं उद्यान संबंधी परामर्श, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा श्रमिक पंजीकरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को शिविर का लाभ दिलाया जाए।
यह बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण जनता के लिए एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का सुनहरा अवसर साबित होगा।





