लालकुआं, 16 जुलाई। हरेला पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर एक तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने सड़क पार कर रहे 77 वर्षीय पूर्व सैनिक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पूर्व सैनिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ क्षेत्र के पेशकारपुर निवासी हरीश चंदोला (77 वर्ष) पुत्र स्व. भोला दत्त रोज की तरह सुबह दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। सांवरिया बैंक्वेट हॉल के सामने जैसे ही उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने का प्रयास किया, तभी हल्द्वानी की ओर से तेज गति से आ रहे दूध के कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन उन्हें लगभग 10 से 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में लेते हुए चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि हरीश चंदोला भारतीय सेना के पूर्व सैनिक थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है। लगभग चार वर्ष पूर्व उनकी एक बेटी की ट्रेन दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अब इस हादसे ने परिवार को एक और गहरे सदमे में डाल दिया है।
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाने की मांग की है। हरेला जैसे शुभ पर्व पर हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।





