भीमताल/हल्द्वानी:
समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन के खिलाफ चल रहे जनजागरूकता अभियान को गति देते हुए राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उन्हें गंगाजल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश एवं हनुमान चालीसा भेंट कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प साझा किया।
हरीश पनेरू ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसका सबसे अधिक असर युवा वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने SSP से जनपद में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा विशेष अभियान चलाकर इस कुरीति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का आग्रह किया।
पनेरू ने बताया कि उनके द्वारा भीमताल विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर गंगाजल, गीता और हनुमान चालीसा के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर SSP नैनीताल ने इस पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा और समाज को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने में हरसंभव सहयोग देगा।
अंत में पनेरू ने आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु एकजुट होने का आह्वान किया।






