हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग को लेकर पुलिस चौकी में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। करीब एक माह से लापता 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने उसके प्रेमी के साथ बरामद किया, लेकिन थाने में युवती ने परिजनों के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, गुस्से में युवती ने अपनी मां को थप्पड़ जड़ दिया और पिता के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
जानकारी के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र की अमरावती कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि पड़ोस में दर्जी की दुकान चलाने वाला रहमत नाम का युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि युवती सिलाई सीखने के लिए अक्सर उसकी दुकान पर जाती थी, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
परिजनों के अनुसार 26 फरवरी को युवती अचानक घर से लापता हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने युवक पर बेटी को भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब एक माह बाद युवती और युवक को बरामद कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।
थाने में जब परिजनों को बुलाकर युवती को उनके साथ भेजने की कोशिश की गई तो युवती ने साफ तौर पर मना कर दिया और अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई। इस दौरान मां द्वारा समझाने और डांटने पर युवती भड़क गई और उसने मां के मुंह पर थप्पड़ मार दिया। पिता के साथ भी उसने बदसलूकी की, जिससे थाने में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
परिजनों का आरोप है कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसने उनकी बेटी का ब्रेनवॉश कर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवती के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज करा दिए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






