हल्द्वानी, 20 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हल्द्वानी केशव उपनगर के अंतर्गत जज फार्म, पीलीकोठी और मल्ली बमौरी बस्तियों का संयुक्त पथ संचलन मंगलवार को निकाला गया। पथ संचलन देवेन्द्र पुरी स्थित सम्भाजी शाखा स्थल से शुरू होकर पीलीकोठी चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवेन्द्र पुरी स्थित सम्भाजी शाखा स्थल पर स्वयंसेवकों के एकत्र होने के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख मदन सिंह जलाल और सम्भाजी शाखा के शाखा कार्यवाह भुवन पाण्डेय ने शस्त्र पूजन किया।
सत्य की विजय का प्रतीक है विजयादशमी : मदन सिंह जलाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख मदन सिंह जलाल ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने राक्षसी प्रवृत्तियों का अंत किया, उसी प्रकार वर्तमान समय में भी समाज में व्याप्त नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक शक्तियां भारत को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति निर्माण कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। इस मार्ग में कई प्रकार की बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन संघ के स्वयंसेवक अपने लक्ष्य और मार्ग से विचलित होने वाले नहीं हैं।
जलाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया गया है, जिसमें सफलता भी मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों के माध्यम से भारत एक दिन पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचेगा।
सैकड़ों स्वयंसेवक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख सूरज तिवारी, जिला परिवार प्रबोधन प्रमुख विनीत टण्डन, जिला सह बौद्धिक प्रमुख कमलेश त्रिपाठी, कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक एवं नगर प्रचार प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा, नगर परिवार प्रबोधन प्रमुख दिनेश जोशी, शेखरानन्द, अशोक पपनै, रंजन शाह, भूपेश पंत, विमल पाण्डेय, अजय पंत और रक्षित सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


