हल्द्वानी। विश्व संवाद केंद्र उत्तराखंड द्वारा शनिवार को नारद जयंती के अवसर पर हल्द्वानी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारिता, समाज जागरण एवं राष्ट्रनिर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 60 से अधिक पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय चिंतन, सकारात्मक पत्रकारिता और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख श्री पदम जी, राज्य मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ. बृजेश बनकोटी, उपश्रमायुक्त कमल जोशी, एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह बनकोटी, सह विभाग संघ चालक डॉ. नीलाम्बर भट्ट एवं वरिष्ठ प्रचारक श्री डालचंद जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए सह प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. बृजेश बनकोटी ने कहा कि संवाद समाज जागरण का सबसे प्रभावी माध्यम है और पत्रकारिता केवल एक व्यवसाय नहीं बल्कि राष्ट्रनिर्माण का दायित्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि नारद जयंती जैसे आयोजनों का उद्देश्य पत्रकारों का सम्मान करने के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करना भी है।
मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख श्री पदम जी ने कहा कि मीडिया का दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना और उसका दर्पण बनना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत विश्व मंच पर निर्णायक भूमिका निभा रहा है और ऐसे समय में मीडिया को समाज की सज्जन शक्ति को सामने लाकर स्वस्थ विमर्श को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी को सही दिशा देने और भारत के मूल चिंतन को स्थापित करने में पत्रकारिता की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य अतिथि राज्य मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह ने अपने संबोधन में आदिऋषि नारद को विश्व का प्रथम संचारक बताते हुए कहा कि भारतीय पत्रकारिता की मूल भावना सत्य, मूल्य और समाजहित पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी पत्रकारिता जहां नकारात्मकता को अधिक महत्व देती है, वहीं भारतीय परंपरा सकारात्मकता और संतुलन का संदेश देती है। उन्होंने पत्रकारों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज और देशहित को केंद्र में रखकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपश्रमायुक्त कमल जोशी ने कहा कि पत्रकारिता जनजागरण और समाजहित का प्रभावी माध्यम है तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्रकार्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह बनकोटी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार प्रमुख एडवोकेट प्रदीप लोहनी ने किया।
इस अवसर पर हल्द्वानी के वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला, उधम सिंहनगर से अरविंद कुमार सिंह, नैनीताल से रविंद्र देवलीयाल, टनकपुर से मयंक पंत तथा अल्मोड़ा से जगदीश जोशी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों को समाज, शिक्षा, संस्कृति, साहित्य एवं पर्यावरण संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रचारक डालचंद, प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख भगवान सहाय, वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सुरेश पांडेय, प्रांत सह बौद्धिक प्रमुख राजेश जोशी, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, एरीज के कुलसचिव मोहित जोशी, विभाग प्रचार प्रमुख उमेश साह, विभाग शारीरिक प्रमुख मदन जलाल, जिला कार्यवाह राहुल जोशी, नगर संघचालक विवेक कश्यप सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





