Kedarnath Badrinath Yatra : इस वीकेंड उत्तराखंड की पहाड़ियां सैलानियों से भर गई हैं, लेकिन सुकून की जगह अब लंबा जाम लोगों की परीक्षा ले रहा है. दिल्ली, मेरठ, लखनऊ और आगरा जैसे शहरों में 45 डिग्री की भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहाड़ों की ओर निकल पड़े. लेकिन मसूरी, नैनीताल और जोशीमठ जैसे हिल स्टेशन अब भीड़ के बोझ तले दबते नजर आए. हालात सबसे ज्यादा गंभीर केदारनाथ और जोशीमठ रूट पर देखने को मिले. विष्णुप्रयाग से आगे करीब 15 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। कई जगह तो सड़कें पार्किंग जैसी दिखने लगीं. कुल मिलाकर 25 से 30 किलोमीटर तक जाम फैल गया, जिसमें लोग घंटों तक अपनी गाड़ियों में फंसे रहे. बद्रीनाथ दर्शन के लिए निकले यात्रियों को इंजन बंद करके लंबा इंतजार करना पड़ा. सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों वाले परिवारों को झेलनी पड़ी, जो न आगे बढ़ पा रहे थे और न ही वापस लौटने की स्थिति में थे. पहाड़ों की ये यात्रा अब कई लोगों के लिए धैर्य की असली परीक्षा बन गई है.




