नैनीताल, 11 जून 2026। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के पावन धाम कैंची धाम के स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले के सफल आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस प्रशासन ने 13 जून से 16 जून 2026 तक विस्तृत ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विभिन्न जिलों एवं राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं तथा शटल सेवा की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, रामनगर, मुरादाबाद तथा बरेली की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित डायवर्जन मार्गों से काठगोदाम एवं भीमताल स्थित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी एवं मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खैरना पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है, जहां से शटल सेवा संचालित होगी।
भारी वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन ने बताया कि 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक तथा 14 जून की रात्रि 12:01 बजे से 16 जून की रात्रि 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी निर्धारित समयावधि में ही संचालित हो सकेंगे।
अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं रानीखेत क्षेत्र की ओर जाने वाले मालवाहनों को रामनगर-मोहन मार्ग से तथा पिथौरागढ़ एवं चम्पावत की ओर जाने वाले वाहनों को टनकपुर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
बसों के लिए विशेष व्यवस्था
केएमओयू एवं रोडवेज बसों का संचालन 13 जून तक सामान्य रहेगा, लेकिन 14 जून की दोपहर 2 बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक भवाली-कैंची धाम क्षेत्र में बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान बसों को रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
दुपहिया वाहनों की एंट्री भी बंद
14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी बाइक एवं सभी दुपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
10 स्थानों से चलेगी शटल सेवा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा सैनिटोरियम भवाली, जंगलात बैरियर भवाली, विकास भवन भीमताल, खैरना, पनीराम डांबा, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केएमओयू स्टेशन हल्द्वानी तथा प्रस्तावित आईएसबीटी गौलापार से लगातार शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
35 प्रमुख स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए नयागांव, कालाढूंगी, लामाचौड़, आरटीओ रोड, पंचायतघर, तीनपानी, गोलापुल, नारीमन तिराहा, भीमताल, खुटानी, भवाली, खैरना, क्वारब, मुक्तेश्वर और नैनीताल क्षेत्र सहित कुल 35 महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है।
प्रशासन की अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।




