देहरादून।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने एकता पदयात्रा का शुभारंभ कर स्वयं भी उसमें प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी अपनाने और नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि भारत के लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र निष्ठा के कारण ही आज भारत एक शक्तिशाली, संगठित और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता को समर्पित था। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाए जाने का निर्णय उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
राज्य भर में चल रहा वॉकथॉन अभियान
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य भर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक आयोजन स्थल पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ “नशा मुक्त भारत”, “एक पेड़ मां के नाम” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे जन-जागरूकता अभियानों को जोड़ा गया है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा भाव को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य की दिशा में सतत कार्यरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर इस संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या,
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,
विधायक खजानदास एवं सविता कपूर,
जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल,
एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


 
			 
                                


