देहरादून, बुधवार।
उत्तराखण्ड में बढ़ती महंगाई को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए मंडी परिषद को आम जनता को राहत देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर “डब्बू” की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और विपणन बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आम जनता को फल, सब्जी एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:
प्रत्येक मंडी समिति में 5 बड़े रिटेलर काउंटर खोले जाएंगे, जहां सस्ते दरों पर फल-सब्जी और दैनिक आवश्यक वस्तुएं मिलेंगी।
3 सदस्यीय सचल दल का गठन किया जाएगा, जो रोज बाजार का निरीक्षण कर खुदरा कीमतों की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेगा।
सभी खुदरा व्यापारियों को लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मूल्य नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी महंगे दामों पर सामान बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मंडी परिषद के निदेशक हेमंत वर्मा, महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी मंडियों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।





