अल्मोड़ा, 11 अप्रैल 2026 — जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए दन्या पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में काली फिल्म और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान दो चारपहिया वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म पाई गई, जिन्हें मौके पर ही हटवा दिया गया। संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान करते हुए उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
इसके अलावा, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।





