नैनीताल, 11 अगस्त 2026। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में ₹5 करोड़ से अधिक लागत से संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय प्रगति समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं। जनपदवार समीक्षा में ऊधम सिंह नगर में 7, चंपावत में 15, नैनीताल में 7, अल्मोड़ा में 6, बागेश्वर में 1 तथा पिथौरागढ़ में 5 निर्माण कार्य निर्माणाधीन बताए गए।
तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान
आयुक्त दीपक रावत ने परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि संबंधी अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उसका संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के अभाव में किसी भी परियोजना की समयसीमा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम ने मंडल में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि बड़ी संख्या में परियोजनाओं पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं, एक प्रकरण वन भूमि हस्तांतरण तथा एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रभावित है।
रुद्रपुर से टनकपुर और अल्मोड़ा तक कई बड़ी परियोजनाएं निर्माणाधीन
समीक्षा में बताया गया कि ऊधम सिंह नगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल के विस्तारीकरण तथा केंद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
नैनीताल जनपद में काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग तथा रामनगर में बस टर्मिनल एवं बस डिपो का निर्माण प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है।
अल्मोड़ा जनपद में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान से संबंधित कार्यों के साथ द्वाराहाट, सल्ट और दन्या में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। वहीं बागेश्वर में राजकीय पॉलिटेक्निक गरुड़ का निर्माण कार्य गतिमान है।
चंपावत जनपद में 15 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें आईएसबीटी टनकपुर में रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप बिल्डिंग, रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग, चंपावत में पार्किंग, चंपावत एवं लोहाघाट में फायर स्टेशन तथा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसी प्रकार पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिषद, गणाई गंगोली में पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खेल विंग के चार कार्यों में से तीन कार्य भी वर्तमान में गतिमान बताए गए।
नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष जोर
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए, ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी होकर जनता को उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, विभागीय समन्वय, भूमि संबंधी प्रकरणों और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर रुद्रपुर नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर हल्द्वानी एस.पी. बडोनी, प्रोजेक्ट मैनेजर खेल इकाई रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




