नैनीताल | जिले में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। सार्वजनिक, धार्मिक एवं अन्य स्थानों पर निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि करने वाले लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले उपकरणों को मौके पर ही हटाकर बड़ी संख्या में सीज किया जा रहा है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय, माननीय उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय तथा पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पूरे जनपद में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी क्राइम एवं एसपी सिटी के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा साइलेंट जोन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की गहन जांच कर रहे हैं। अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित उपकरणों को तत्काल हटाकर सीज किया जा रहा है तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन केवल कार्रवाई ही नहीं कर रहा, बल्कि संबंधित संस्थानों एवं व्यक्तियों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, न्यायालयों के आदेशों तथा शासन की गाइडलाइन का पालन करने के लिए जागरूक भी कर रहा है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तीव्रता पर लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





