पंतनगर, 3 अक्टूबर 2026। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित अखिल भारतीय कृषि मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से निःशुल्क पुस्तक वितरण एवं उच्च शिक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, कृषि मंत्री गणेश जोशी, कुलपति प्रोफेसर शिवेंद्र कश्यप सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पुस्तक स्टाल का उद्घाटन किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से मेले में पहुंचे किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देने के साथ विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों से संबंधित पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पुस्तक वितरण कार्यक्रम आगामी 6 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
उद्घाटन सत्र में कृषि मंत्री गणेश जोशी को भी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की पुस्तकें भेंट की गईं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने बताया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
मेले में विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों और स्थानीय लोगों के बीच विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों तथा दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है तथा उन्हें अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुरूप पाठ्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की टीम द्वारा निःशुल्क पुस्तक वितरण के साथ विद्यार्थियों, किसानों एवं अन्य प्रतिभागियों को उपयोगी पुस्तकों और अध्ययन सामग्री की जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही उन्हें उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों से अवगत कराया जा रहा है।
पुस्तक वितरण एवं प्रचार-प्रसार अभियान में सहायक क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रेखा बिष्ट, डॉ. विनोद कुमार बिरखानी, डॉ. सुमित सिंह, डॉ. दीपक कुमार शर्मा, श्रीमती मधु डोगरा एवं श्री मनीष कुमार शामिल हैं। वहीं रेडियो विभाग की ओर से श्री हरिश गोयल और श्रीमती सोनू भट्ट प्रतिभागियों से संवाद कर रहे हैं।
रेडियो टीम द्वारा मेले में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं किसानों की बाइट भी ली जा रही है और उच्च शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा तथा विश्वविद्यालय की गतिविधियों को लेकर उनके विचार साझा किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य कृषि मेले में पहुंचने वाले ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को शिक्षा के अधिक से अधिक अवसरों से जोड़ना तथा उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


