जजफार्म बस्ती में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के क्रम में जजफार्म बस्ती द्वारा विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन सिंथिया स्कूल प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शस्त्र पूजन के साथ हुई।
मुख्य वक्ता जिला प्रचारक जितेंद्र ने संघ के शताब्दी इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वयंसेवकों ने इन 100 वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना किया, किंतु वे सदैव राष्ट्र प्रथम के संकल्प में अडिग रहे। आज उन्हीं के समर्पण का परिणाम है कि हम शताब्दी वर्ष का उत्सव मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति का भाव ही किसी राष्ट्र की आत्मा है। इसी की कमी के कारण भारत वर्षों तक गुलाम रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत माता की जय बोलने वाला, अपने पूर्वजों, संस्कृति, परंपराओं और मानबिंदुओं पर गर्व करने वाला ही सच्चा हिंदू है।
जिला प्रचारक ने कहा कि वर्ष 1925 से संघ निरंतर हिंदू समाज को संगठित करने के कार्य में जुटा है। स्वयंसेवकों के त्याग और तपस्या के बल पर आज संघ विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन गया है। शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति के आचार, विचार और संस्कार शुद्धि पर कार्य किया जा रहा है, जिससे व्यक्ति निर्माण और समाज निर्माण का लक्ष्य पूरा हो सके।
उन्होंने समाज को मतांतरण, जातीय संघर्ष और नशा जैसी बुराइयों के विरुद्ध डटकर खड़े होने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विश्व कल्याण के लिए हिंदू समाज का शक्तिशाली होना अनिवार्य है। इस दिशा में संघ सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-बोध और नागरिक कर्तव्य जैसे पंच परिवर्तनों के माध्यम से राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में उपनगर कार्यवाह नितिन, नगर प्रचार प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा, बस्ती प्रमुख भास्कर लोहनी, शाखा कार्यवाह शेखरानंद पांडे, बिसम्बर कांडपाल, पूरन जोशी, हेम अवस्थी, उमेश बिनवाल समेत अनेक स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

