हल्द्वानी, 10 जून 2026। पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देश एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल बताया है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना, डिजिटल इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊँ क्षेत्र को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। वर्षों से लंबित जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना को स्वीकृति मिलने से सिंचाई, पेयजल एवं कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। वहीं किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना से कुमाऊँ मंडल के लाखों लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
श्री भट्ट ने कहा कि हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के सुदृढ़ीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने प्रदेश के आधारभूत ढांचे को नई गति प्रदान की है। इसके साथ ही स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजनाओं के माध्यम से पर्यटन विकास को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आवास एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा है। किसानों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुका है। देश आत्मनिर्भरता, नवाचार, डिजिटल क्रांति और आधुनिक आधारभूत संरचना के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा विकसित भारत-2047 का संकल्प अब प्रत्येक भारतीय का संकल्प बन गया है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।





