बागेश्वर, 10 जून 2026। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्राप्ति, राजस्व संवर्द्धन, विभिन्न विभागों की प्रगति तथा न्यायालयों में लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को राजस्व बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी, उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस विभाग को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आबकारी विभाग एवं पुलिस को अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी को मानसून से पूर्व आपदा संभावित क्षेत्रों में समय पर राशन उपलब्ध कराने तथा राशन कार्डों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया का रेंडम वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने राज्य कर विभाग को जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्यान्नों की सैंपलिंग बढ़ाने तथा श्रम विभाग को विशेष अभियान चलाकर मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने को कहा।
गरुड़ एवं बागेश्वर में ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वन विभाग को पिंडारी ट्रैक पर पर्यटकों के पंजीकरण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने को कहा, ताकि ट्रैक पर आने वाले सभी पर्यटकों का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि राजस्व वृद्धि, जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें।





