अल्मोड़ा, 24 मई 2025 जनपद अल्मोड़ा के जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की पहल अब रंग लाने लगी है। शासन ने अल्मोड़ा जनपद के लिए 7 गौशालाओं को मंजूरी दे दी है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। निराश्रित गौवंश की समस्या को लेकर जिलाधिकारी लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने शासन को प्रस्ताव भेजे और वरिष्ठ अधिकारियों से व्यक्तिगत वार्ता कर जनपद की गंभीर स्थिति से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने बताया कि निराश्रित गायों के कारण जनपद में किसान खेती से विमुख हो रहे थे, क्योंकि आए दिन फसलों को नुकसान पहुंचता था। ग्रामीण भ्रमण के दौरान भी यह समस्या प्रमुख रूप से सामने आती थी। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने जनपद के लिए 7 गौशालाएं स्वीकृत की हैं, जिससे न केवल बेसहारा गायों को आश्रय मिलेगा, बल्कि किसानों की फसलें भी सुरक्षित रहेंगी।
स्वीकृत गौशालाओं के निर्माण हेतु प्रथम किश्त के रूप में 229.5 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही कार्यदाई संस्थाओं को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे।
स्वीकृत गौशालाओं के स्थान इस प्रकार हैं:
1. विकासखंड द्वाराहाट – ग्राम ऐना (पटवारी क्षेत्र कुंवाली)
2. विकासखंड भैंसियाछाना – ग्राम डालाकोट
3. विकासखंड भिकियासैंण – ग्राम रिखाड़ (पटवारी क्षेत्र मनीला)
4. विकासखंड ताकुला – ककराड़
5. राजकीय चारा प्रक्षेत्र – भैंसवाड़ा, अल्मोड़ा
6. गौ सुरक्षा समिति – कसानीखेत, जैखाल, देघाट
7. गायत्री ट्रस्ट – मासी
इस पहल से जहां एक ओर निराश्रित गौवंश को सम्मानजनक आश्रय मिलेगा, वहीं दूसरी ओर किसान चैन की नींद ले सकेंगे। जिलाधिकारी की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा है और
इसे जनहित में बड़ा कदम बताया है।






