अल्मोड़ा, 23 मई 2026। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला खनन न्यास समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहितकारी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए प्राथमिकता वाले प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला खनन न्यास समिति के माध्यम से प्राप्त धनराशि का उपयोग ऐसे कार्यों में किया जाए, जिनसे सीधे तौर पर आमजन को लाभ मिले तथा दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जाए।
बैठक के दौरान चौखुटिया अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को संचालित करने के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री की खरीद हेतु धन आवंटन को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवश्यक सामग्री शीघ्र क्रय कर ऑपरेशन थिएटर को जल्द शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इसके अलावा बल्टा गांव में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जनहित से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण एवं अत्यावश्यक विकास कार्यों पर भी सहमति जताई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित हो, ताकि खनन न्यास की राशि का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






