नैनीताल, 22 सितंबर 2026।
नैनीताल नगर के ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन 23 सितंबर को होगा। समापन अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न होगा। महोत्सव के समापन को लेकर नगर में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है।
शोभायात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नैनीताल नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 23 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
महोत्सव के समापन अवसर पर होने वाली शोभायात्रा और डोला विसर्जन को देखते हुए प्रशासन द्वारा नगर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।




