हल्द्वानी | 29 मई 2026
जनपद में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पंजीकृत मामलों के त्वरित खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुखानी पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि बच्ची नगर नंबर-01 स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अज्ञात चोर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये नकद तथा आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में FIR संख्या 65/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के निर्देशन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने 28 मई 2026 को सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर लामाचौड़ खास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू पुत्र डोरी लाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी कालिका कॉलोनी लोहारियासाल तल्ला, काठघरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से बरखेड़ा, जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से ₹3,17,500 नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया गया। मामले में बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों और थानों से जुटा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना मुखानी पुलिस टीम के थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रोहित एवं कॉन्स्टेबल पूरन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





