नैनीताल, 10 जून 2026। वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा आयोजित प्रथम जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट-2026 का बुधवार को बार हॉल में भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल के बीच समापन हुआ। कार्यक्रम में सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समापन समारोह का शुभारंभ कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत तथा जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के बीच खेला गया मैत्री कैरम मैच आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित अधिवक्ताओं एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना का भरपूर आनंद लिया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। डबल्स वर्ग के खिताबी मुकाबले में पंकज कुमार एवं तस्लीम की जोड़ी ने उत्कृष्ट तालमेल, सटीक निशाने और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू एवं हंसराज सिजवाली की जोड़ी को पराजित कर प्रथम जिला स्तरीय कैरम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
वहीं सिंगल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा। चंद्रप्रकाश ने शानदार कट्स, सटीक टाइमिंग और संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकेश चंद्रा को कड़े मुकाबले में पराजित कर सिंगल्स चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, जिला उपभोक्ता आयोग नैनीताल के अध्यक्ष श्री जायसवाल तथा जुडिशियल मजिस्ट्रेट स्नेहा नारंग ने संयुक्त रूप से विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने जिला बार एसोसिएशन द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे अधिवक्ताओं के बीच सौहार्द एवं खेल भावना को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया।
टूर्नामेंट के फाइनल को भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान करने में बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक सचिव एडवोकेट उमेश कांडपाल की विशेष भूमिका रही। उनके निर्देशन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन भी एडवोकेट उमेश कांडपाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू, कार्यकारिणी के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।





