अल्मोड़ा, 13 जून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर ने रानीखेत क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय प्रशासन एवं परीक्षा स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के समस्त परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत एवं नियुक्त सेक्टर अधिकारियों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में स्थापित जैमर उपकरणों की कार्यशीलता की जांच कर उनकी प्रभावी स्थिति सुनिश्चित की गई, ताकि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता पूरी तरह बरकरार रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी।
अल्मोड़ा पुलिस का लक्ष्य है कि UKSSSC परीक्षा पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।





